सहारनपुर:: महिला से ठगी व अश्लील वीडियो बनाने के आरोपी वांछित अभियुक्त गिरफ्तार

सहारनपुर। जनपद सहारनपुर पुलिस ने महिला सम्बन्धी अपराधों की रोकथाम और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे संघन चेकिंग अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना जनकपुरी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर वांछित अभियुक्त हुसैन पुत्र निसार निवासी टपरी कलां, थाना कोतवाली देहात, जिला सहारनपुर को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है मामला
जानकारी के अनुसार, दिनांक 06.08.2026 को वादिया की लिखित तहरीर पर थाना जनकपुरी पर मु0अ0सं0- 197/26 धारा 354/318(4)/64(1)/351(2) बीएनएस के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया था। आरोप है कि अभियुक्त हुसैन पुत्र नामालूम निवासी मस्जिद, ग्राम मोहिउद्दीनपुर, थाना जनकपुरी, जिला सहारनपुर ने वादिया को झाड़फूंक में उलझाकर तथा घर में साया बताकर और उसके पति व बच्चों की मृत्यु का भय दिखाकर 2,50,000 रुपये व जेवर ठग लिए। इसके अलावा अभियुक्त ने वादिया के साथ जबरदस्ती गलत काम करने, अश्लील वीडियो बना लेने तथा उसे वायरल करने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप भी हैं।
(कैसे हुई गिरफ्तारी)
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सहारनपुर के निर्देशन में महिला सम्बन्धी अपराध की रोकथाम व वांछित/वारण्टी अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु जनपदीय पुलिस द्वारा लगातार संघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर द्वितीय के निकट पर्यवेक्षण में तथा प्रभारी निरीक्षक थाना जनकपुरी श्री प्रदीप कुमार चीमा के कुशल नेतृत्व में आज दिनांक 05.10.2026 को मुखबिर की सूचना पर थाना जनकपुरी पुलिस टीम द्वारा चेकिंग व दबिश के दौरान अभियुक्त हुसैन पुत्र निसार को जिला अस्पताल के पीछे सरकारी ट्यूबवेल के पास से गिरफ्तार किया गया।
आगे की कार्रवाई
अभियुक्त के विरुद्ध अन्य आवश्यक विधिक कार्यवाही करते हुए उसे समय से माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में महिला अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश गया है और आम जनता में विश्वास बढ़ा है।
रिपोर्टर: दीपक तिवारी
