*रिपोर्टर: दीपक तिवारी*
सहारनपुर न्यूज़: चोरों का बेखौफ अंदाज—हाथ में तमंचा लिए CCTV में कैद, ज्वैलर्स से डेढ़ किलो चांदी पर हाथ साफ
सहारनपुर (बिहारीगढ़): “ना पुलिस का खौफ, ना किसी के बाप का डर”—यही अंदाज बीती आधी रात चोरों ने दिखाया, जब वे हाथ में तमंचा लिए चोरी का सामान लेकर भागते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। मामला थाना बिहारीगढ़ क्षेत्र के कुर्डी खेड़ी स्थित वर्मा ज्वैलर्स का है, जहां चोरों ने दुकान में घुसकर लगभग डेढ़ किलोग्राम चांदी पर हाथ साफ कर दिया।
चोरों को शायद अंदाजा भी नहीं था कि दुकान के पास लगा “तीसरी आंख” यानी सीसीटीवी कैमरा उनकी हर हरकत रिकॉर्ड कर रहा है। लाइव फुटेज में चोर साफ तौर पर हाथ में तमंचा लिए चोरी का सामान लेकर भागते हुए नजर आ रहे हैं, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।
घटना के बाद दुकान मालिक संदीप कुमार ने थाना बिहारीगढ़ में लिखित तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। दुकान मालिक के मुताबिक चोर लगभग 15 लाख रुपये के जेवरात ले गए हैं, हालांकि पुलिस फिलहाल मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा किया गया है। वहीं, इस वारदात ने इलाके के व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
#Saharanpur #BihariGarh #JewelleryTheft #SilverTheft #CCTVFootage #CaughtOnCamera #CrimeNews #UPNews #UPPolice #SaharanpurPolice #ViralVideo #TheftCaughtOnCCTV #KurdiKhedi
