मुरादाबाद खबर: नशे में धुत ट्रैक्टर चालक ने युवकों को कुचलने का किया प्रयास, वीडियो वायरल

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद से एक हैरान कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक नशे में धुत ट्रैक्टर चालक सड़क पर खड़े युवकों को जानबूझकर कुचलने का प्रयास करता नजर आ रहा है। घटना मुरादाबाद के थाना पाकबड़ा क्षेत्र की बताई जा रही है।

क्या दिख रहा है वीडियो में

वायरल वीडियो के अनुसार, नशे में धुत ट्रैक्टर चालक ने पहले सड़क पर खड़े युवकों पर अपना वाहन चढ़ाने की कोशिश की। जब युवकों ने विरोध किया और बचने का प्रयास किया, तो चालक ने ट्रैक्टर को वापस घुमाया और दोबारा उन्हें कुचलने का प्रयास किया। चालक की इस लापरवाही और आपराधिक मंशा का लाइव वीडियो आसपास मौजूद लोगों ने बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पुलिस प्रशासन हरकत में

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। थाना पाकबड़ा पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपी ट्रैक्टर चालक की पहचान कर उसके खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और उसे जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा!

जनता में आक्रोश 

इस वीडियो ने क्षेत्र में आक्रोश पैदा कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नशे में वाहन चलाना और जानबूझकर लोगों को कुचलने की कोशिश करना बेहद गंभीर अपराध है, जिस पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई ऐसी घटना न हो।

“फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।”

रिपोर्टर: दीपक तिवारी 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *